कथारा: पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना नहीं बल्कि इंसानियत की सेवा करना भी है। इसका जीवंत उदाहरण कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम ने पेश किया है। उन्होंने कथारा चार नंबर निवासी मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक राजवीर सिंह के इलाज के लिए उसके माता-पिता को आर्थिक रूप से सहयोग किया ताकि उसका बेहतर इलाज हो सके।
जानकारी के अनुसार राजवीर सिंह लंबे समय से मानसिक रूप से विक्षिप्त है। गरीब परिवार होने के कारण उसके माता-पिता इलाज कराने में असमर्थ थे। इस बात की जानकारी जब ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम को मिली तो उन्होंने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया और राजवीर को सी आई पी रांची में इलाज कराने के लिए आर्थिक सहयोग दिया।ओपी प्रभारी की इस पहल से राजवीर के माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने प्रभारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके बेटे का अच्छा इलाज हो पाएगा।
थाना प्रभारी राहुल कुमार राम ने कहा की पुलिस का काम सिर्फ वर्दी पहनकर डंडा चलाना नहीं है बल्कि समाज के हर जरूरतमंद की मदद करना भी हमारा कर्तव्य है। राजवीर जैसे युवक को इलाज की जरूरत है उसे बोझ समझना नहीं चाहिए। अगर हमारे थोड़े से सहयोग से किसी की जिंदगी संवर जाती है तो इससे बड़ी सेवा और क्या हो सकती है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि अपने आसपास ऐसे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आएं। समाज के सहयोग से ही हम एक बेहतर और मानवीय समाज बना सकते हैं।इस मानवीय कार्य के बाद पूरे कथारा क्षेत्र में ओपी प्रभारी की जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राहुल कुमार राम ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास और भाईचारे को और मजबूत किया है।
