बगोदर पुलिस की कार्रवाई, धरगुल्ली से पकड़े गए दोनों आरोपी; मॉनिटर, सीपीयू, प्रिंटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित माउंट जिरामो वनस्थली विद्यापीठ (धरगुल्ली) में हुई कंप्यूटर चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटना के उद्भेदन के रूप में देखा जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय को निशाना बनाते हुए 11 कंप्यूटर सेट चोरी कर लिए थे। घटना के बाद विद्यालय के निदेशक सुभाष कुमार गुप्ता ने 9 नवंबर को बगोदर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर बगोदर थाना कांड संख्या 215/26 दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बगोदर-सरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने सरिया अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने लगातार सूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में 10 नवंबर की शाम धरगुल्ली इलाके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश साव (करीब 20 वर्ष), पिता कौलेश्वर साव और योगेन्द्र साव (करीब 20 वर्ष), पिता भोला साव के रूप में हुई है। दोनों धरगुल्ली गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। ये सामान हुए बरामद पुलिस ने चोरी के मामले में 11 मॉनिटर, 5 सीपीयू, 7 की-बोर्ड, एक प्रिंटर और कंप्यूटर कनेक्शन के 16 केबल बरामद किए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विद्यालय में हुई चोरी की घटना का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में चर्चा है।
