तेनुघाट: बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में चित्रगुप्त मंडप में चित्रगुप्त पूजा को लेकर बुधवार को तेनुघाट में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर कायस्थ समाज के लोगों ने अपने-अपने घरों में भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहीं, तेनुघाट में तेनुघाट अधिवक्ता कॉलोनी और तेनुघाट एफ टाईप चौक में भगवान चित्रगुप्त की पूजा का आयोजन किया गया। चित्रगुप्त परिवार की ओर से भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। पूजा में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के लोग शामिल हुए।
वहीं इस मौके पर समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार लाल ने बताया कि एफ टाईप में पिछले लगभग 52 वर्षों से लगातार भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा संपन्न कराई गई। पूजा के बाद भैयारी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में चित्रांश समाज के लोगों ने भाग लिया।
वहीं अधिवक्ता कॉलोनी चित्रगुप्त पूजा समिति के अध्यक्ष रामेन्द्र कुमार सिन्हा उर्फ़ निशु ने बताया कि अधिवक्ता कॉलोनी में पिछले 2 वर्षों से लगातार भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की जा रही है। इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा संपन्न कराई गई। पूजा के बाद भैयारी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें अधिवक्ता कॉलोनी के चित्रांश समाज के लोगों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। वहीं, गुरुवार को भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
पूजा को सफल बनाने में समिति के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
