बेरमो: बेरमो अनुमंडल के गोमिया थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ कैंप के पास गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे सगे भाई-बहन को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया।
जानकारी के अनुसार करमटिया बस्ती निवासी विशाल रविदास और उसकी बहन रोशनी कुमारी ट्यूशन से पैदल लौट रहे थे। सीआरपीएफ कैंप के समीप सड़क किनारे खड़े होने के दौरान बेकाबू ट्रैक्टर ने दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां रोशनी का इलाज जारी है, जबकि विशाल की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रांची रेफर कर दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर स्वांग गेस्ट हाउस के पास उसे घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर जब्त कर लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोमिया-कथारा मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार से आए दिन हादसे हो रहे हैं। थाना प्रभारी ने समझा-बुझाकर और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
